बदायूं के कछला गंगाघाट पर कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। गुरुवार रात से ही हजारों कांवड़िए गंगाघाट की ओर पहुंचने लगे, जबकि जल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए वापस भी लौट रहे हैं। भीड़ बढ़ने के साथ ही कछला रूट पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग समय पर डायवर्जन लागू किया। अधिकारियों के मुताबिक, आज रात से कछला रूट पर फुल डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाते हुए उन्हें वैकल्पिक मार्गों से निकालना शुरू कर दिया है। ट्रक, बस और टैंकर समेत अन्य भारी वाहनों को दूसरे रूट पर डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि कांवड़ियों के आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए। पुलिस और यातायात विभाग की टीमें प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्ग पर तैनात हैं। भीड़ की स्थिति के अनुसार वाहनों का रूट बदला जा रहा है। 3 तस्वीरें देखिए-
मेडिकल कॉलेज तिराहे पर भी लगाया डायवर्जन गुरुवार रात कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज वाले तिराहे पर भी डायवर्जन लागू किया गया। हालांकि, कुछ समय बाद जब भीड़ कम हुई तो वाहनों को वहां से गुजरने दिया गया। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार यातायात को रोकने या दूसरे मार्ग पर भेजने का निर्णय लिया जा रहा है। तीसरे सोमवार को उमड़ सकती है भारी भीड़ इस बार सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए कछला गंगाघाट पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने पहले से यातायात व्यवस्था तैयार की है। आज रात से फुल डायवर्जन लागू होने के बाद कछला की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पूरी तरह वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस का फोकस कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और जाम से बचाव पर रहेगा।


