’15 अगस्त को खुले रहेंगे गाजियाबाद के सभी स्कूल!’ DM का सख्त आदेश, गैरहाजिर रहने पर होगी कार्रवाई

’15 अगस्त को खुले रहेंगे गाजियाबाद के सभी स्कूल!’ DM का सख्त आदेश, गैरहाजिर रहने पर होगी कार्रवाई

Schools Open 15 August: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इस बार स्वतंत्रता दिवस थोड़ा अलग अंदाज में मनाया जाएगा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने साफ आदेश जारी कर दिया है कि 15 अगस्त को जिले के सभी स्कूल खुले रहेंगे। कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी और निजी दोनों तरह के स्कूलों में छुट्टी नहीं रहेगी। बच्चों और टीचरों, दोनों को स्कूल आना होगा। कोई भी गैरहाजिर नहीं रह सकता। अगर कोई स्कूल बंद पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति जरूरी

डीएम रविन्द्र कुमार ने यह बात साफ कर दी है कि पढ़ाई तो नहीं कराई जाएगी, लेकिन स्कूल में देशभक्ति वाले कार्यक्रम जरूर होंगे। वंदे मातरम, राष्ट्रगान और दूसरे देशभक्ति गीतों के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर स्कूल में एक पेड़ देश के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी करवाया जाएगा। बच्चों और उनके अभिभावकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे अनिवार्य

डीएम ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम और युद्धों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को भी कार्यक्रम में बुलाया जाए और उनका सम्मान किया जाए। प्रशासन चाहता है कि बच्चे सिर्फ छुट्टी मनाने के बजाय इस दिन का महत्व समझें और देशभक्ति की भावना से जुड़ें।

हर स्कूल में फहरेगा तिरंगा

15 अगस्त हर भारतीय के लिए खास दिन होता है। इस दिन देश आजाद हुआ था और हर साल लाल किले से प्रधानमंत्री झंडा फहराते हैं। घरों, दफ्तरों और स्कूलों में भी ध्वजारोहण होता है। गाजियाबाद प्रशासन ने इस बार स्कूलों को बंद रखने के बजाय उन्हें इस मौके पर सक्रिय रखने का फैसला लिया है।

गैरहाजिर रहने पर होगी कार्रवाई

माता-पिता और बच्चों को यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि 15 अगस्त को स्कूल आना अनिवार्य है। जो भी गैरहाजिर रहेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है। स्कूल प्रबंधन को भी यह आदेश सख्ती से मानना होगा। जिले में कांवड़ यात्रा के बाद स्कूल हाल ही में खुले हैं और अब स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं।

डीएम के इस आदेश से साफ है कि प्रशासन चाहता है कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ छुट्टी का दिन न बने, बल्कि बच्चे देश के लिए कुछ अच्छा करने का संदेश लेकर घर लौटें। पौधारोपण, तिरंगे के साथ सेल्फी और शहीदों के परिवारों का सम्मान, ये सब इसी दिशा में कदम हैं। गाजियाबाद के अभिभावकों और स्कूलों को अब 15 अगस्त की तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *