हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को तिरंगे के रंगों से सजाते हुए राष्ट्रप्रेम की भावनाएं व्यक्त कीं। नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के लगभग 25 से 30 प्राथमिक, मिडिल और हाई स्कूलों के 80 से 90 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी चित्रकारी में तिरंगे, सैनिकों, भारत माता और देश की एकता-अखंडता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से दर्शाया। छात्र-छात्राओं ने केसरिया, सफेद और हरे रंगों के साथ तिरंगे के नीले अशोक चक्र का उपयोग करते हुए अपनी कला का प्रदर्शन किया। उनकी कृतियों में देश की विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की चित्रकारी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस अवसर पर चिड़ियाघर क्यूरेटर गौरव परिहार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ा।


