चिनहट सीवर व्यवस्था का बुरा हाल:पार्षद ने किया निरीक्षण बोले नहीं सुन रही कार्यदाई संस्था स्वेज इंडिया

चिनहट सीवर व्यवस्था का बुरा हाल:पार्षद ने किया निरीक्षण बोले नहीं सुन रही कार्यदाई संस्था स्वेज इंडिया

चिनहट द्वितीय वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। सेंट मैरी स्कूल के पास पूरी सड़क पर सीवर का गंदा पानी बहने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पार्षद शैलेन्द्र वर्मा ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सीवर की समस्या का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वास्तु खंड और कठौता गांव में भी कई स्थानों पर सीवर बहने तथा नालियों में गंदगी जमा होने की समस्या सामने आई। पार्षद शैलेन्द्र वर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल सीवर की सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी, दुर्गंध और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सीवर व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं और इसका स्थाई समाधान कराया जाना आवश्यक है। पार्षद ने अधिकारियों से मौके पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। स्वेज बोले ट्रंक लाइन चोक स्वेज ने बताया कि वास्तु खंड क्षेत्र में सीवर की मुख्य समस्या ट्रंक लाइन चोक होने के कारण उत्पन्न हो रही है। ट्रंक लाइन डिवाइन हॉस्पिटल के पास रेलवे ट्रैक के पास स्थित है। रेलवे क्षेत्र में कार्य कराने हेतु आवश्यक अनुमति प्राप्त न होने के कारण वर्तमान में ट्रंक लाइन की स्थायी सफाई एवं मरम्मत का कार्य नहीं कराया जा पा रहा है। वर्तमान स्थिति को नियंत्रित रखने हेतु सपना स्वीट्स, वास्तु खंड के पास 10 HP क्षमता का पंप नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे सीवर के पानी की निकासी सुनिश्चित की जा रही है। वास्तु खंड क्षेत्र में प्राप्त अन्य सीवर संबंधी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है। जानकारी समय-समय पर पार्षद के ग्रुप में भी साझा की जाती है। रेलवे विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त होते ही रेलवे ट्रैक के पास स्थित ट्रंक लाइन की चोकिंग को दूर कर स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही तत्काल कराई जाएगी। क्षेत्रवासियों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्या के स्थायी समाधान हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *