शाहजहांपुर में एक हाईस्कूल छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, छात्र दो महीने पहले अपने एक दोस्त की आत्महत्या के बाद से काफी परेशान था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। यह घटना रविवार को थाना खुदागंज क्षेत्र के रामपुर नवदिया गांव में हुई। हरदोई जिले का मूल निवासी प्रभात पांडेय पिछले पांच साल से अपनी मौसी के घर रह रहा था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे अकबरी गांव में एक गैस एजेंसी के पीछे बाग में उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुरुआत में परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया था, लेकिन पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला कुछ और ही निकला। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि छात्र के पड़ोस में रहने वाले उसके एक बहुत अच्छे दोस्त ने भी करीब दो महीने पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच के मुताबिक, अपने दोस्त की मौत के बाद से प्रभात बहुत परेशान रहने लगा था और घर में भी ज्यादा बात नहीं करता था। रविवार को जब हरदोई से कुछ रिश्तेदार उसके घर आए, तो उनसे बातचीत के बाद वह घर से निकला और सीधे उस बाग में चला गया, जहां उसने अंगौछे से फांसी लगा ली। परिजनों ने पहले बताया था कि छात्र दोस्तों के साथ गया था, लेकिन पुलिस की जांच में यह बात गलत पाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्र के कुछ दोस्तों से भी पूछताछ की। जांच में यह भी सामने आया कि छात्र अपने दोस्त के बहुत करीब था और अक्सर सोचता था कि आखिर उसने जान क्यों दी? फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है और थाने में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। खुदागंज थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत नही मिली है, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है ।जांच चल रही है।

