सीहोर जिले में रविवार सुबह से बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। 9 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में जिले में अब तक औसतन 20.38 इंच बारिश दर्ज हुई है। पिछले साल इसी अवधि तक 25.53 इंच बारिश हुई थी, यानी इस साल अब तक 5.15 इंच कम बारिश दर्ज हुई है। जिले की सामान्य औसत बारिश 45.21 इंच है। 1 जून से अब तक आष्टा में सबसे ज्यादा 23.11 इंच बारिश दर्ज हुई। इसके बाद रेहटी में 22.92 इंच, बुधनी में 21.18 इंच, भैरूंदा में 20.90 इंच, इच्छावर में 20.70 इंच और जावर में 19.68 इंच बारिश हुई है। सीहोर मुख्यालय में 19.28 इंच और श्यामपुर में 15.09 इंच बारिश दर्ज की गई है। ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र का असर मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से लगातार नमी आ रही है। इसके साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से सीहोर और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है। 24 से 48 घंटे बारिश का अनुमान अगले 24 से 48 घंटों में जिले में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। लगातार बारिश को देखते हुए निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

