Uttarakhand Heavy Rain Alert: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने 9 से 11 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी की है। देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर समेत कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, मलबा आने और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार 9 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में तेज से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कई जगह तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
10 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सोमवार 10 अगस्त को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में जोरदार बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं। गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा।
11 अगस्त को भी कई जिले प्रभावित
मौसम विभाग ने 11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और उधमसिंह नगर में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिन मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद भी 14 अगस्त तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। इसके अलावा भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़क, राजमार्ग और पुल प्रभावित होने का खतरा है।
अन्य राज्यों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी तेज बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


in several districts of Uttarakhand over the next 48 hours.