Nashik Earthquake: नासिक में महसूस हुए 4.3 तीव्रता के झटके, मकानों की दीवारों में पड़ीं दरारें

Nashik Earthquake: नासिक में महसूस हुए 4.3 तीव्रता के झटके, मकानों की दीवारों में पड़ीं दरारें

नासिक, नौ अगस्त महाराष्ट्र के नासिक में हल्का भूकंप आने के बाद कई इलाकों में झटके महसूस किए गए जिससे जिले के कुछ स्थानों पर मकानों में दरारें पड़ गईं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह पांच बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। अधिकारियों के अनुसार, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भनवड इलाके में पांच किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई।

नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी एवं निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि इलाके में बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन उनमें कोई नुकसान नहीं पाया गया। जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा, ‘‘लोगों को डरने की जरूरत नहीं है और न ही उन्हें किसी अफवाह पर विश्वास करना चाहिए। हालांकि, सभी को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतनी चाहिए।’’
इससे पहले जिले में 25 से 28 जुलाई के बीच और छह अगस्त को भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *