रायबरेली में बस और बाइक की टक्कर, आग लगी:सभी यात्री सुरक्षित नीचे उतरे, बाइक सवार दो युवक घायल; अस्पताल में भर्ती

रायबरेली में बस और बाइक की टक्कर, आग लगी:सभी यात्री सुरक्षित नीचे उतरे, बाइक सवार दो युवक घायल; अस्पताल में भर्ती

रायबरेली में एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक रोडवेज बस और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। इस घटना में बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जबकि मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड पर हुई। कानपुर से रायबरेली आ रही रोडवेज बस (संख्या यूपी 78 एचटी 4142) एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं।
बस चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को, जिनमें बड़ी संख्या में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र शामिल थे, तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस चालक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बस कानपुर से रायबरेली आ रही थी। देदौर के बाईपास मोड़ के पास अचानक मोटरसाइकिल सवार दो लोग बस के पिछले टायर के नीचे आ गए। इससे मोटरसाइकिल और बस दोनों में आग लग गई। उन्होंने साइड मिरर से देखकर तुरंत बस रोकी और 35 यात्रियों को आग लगने की सूचना देकर नीचे उतारा। धर्मेंद्र सिंह ने आगे बताया कि यात्रियों का सामान सुरक्षित रहा, लेकिन बस में मौजूद अग्निशमन सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास विफल रहा, क्योंकि सिलेंडर खाली हो गया। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी धीरज पटेल के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार अचानक बस के पिछले टायर के नीचे आ गए, जिससे पहले मोटरसाइकिल में आग लगी और फिर बस के टायर में आग फैल गई। आग पूरी बस में फैल गई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। मोटरसाइकिल सवारों को चोटें आईं, जिन्हें रायबरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान किसी भी प्रकार की जन हानि नहीं हुई है लेकिन मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हुए जिनका इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो वही आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों ने पानी के माध्यम से आग पर काबू पा लिया है पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *