शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपने पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी खुशनाम निवासी सागर, जो वर्तमान में सहारनपुर में मजदूरी करता है, ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सागर ने बताया कि 8 जून को उसके फूफा सत्यवान, निवासी गांव मंगलौरा, ने उसके पिता को फोन कर गांव बुलाया था। अगले दिन शाम करीब 5 बजे सागर को सूचना मिली कि उसके पिता फांसी पर लटके हुए हैं। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा, तो उसे अपने पिता का शव नहीं मिला। सागर का आरोप है कि उसने अपने फूफा सत्यवान, ग्राम प्रधान, चाचा संजीव और मामा बिलेंद्र से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता के शव का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और संबंधित लोग गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसके पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को गायब किया गया है। उसने डायल-112 और स्थानीय पुलिस चौकी को भी सूचना दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। सागर ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसके पिता का शव बरामद कराने की मांग की है, ताकि वह अंतिम संस्कार कर सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


