हरदोई। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 13 जून तथा 17 से 20 जून 2026 तक प्रस्तावित कार्यक्रमों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जनपद स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि योग दिवस का आयोजन भव्यता और गरिमा के साथ किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, 17 से 20 जून के मध्य गांधी भवन परिसर में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रमों की तैयारियों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।


