सोनभद्र के कोन क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोन-तेलगुडवा मार्ग पर पिपरहवा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। वे जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पडरक्ष के टोला पिपरहवा निवासी संदीप कुमार (17) पुत्र रमाशंकर मंगलवार को दोपहर लगभग 3 बजे खेत में बकरी चरा रहा था। इसी दौरान खेत में लगभग साढ़े चार फीट की ऊंचाई पर लटक रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को पिपरहवा चौराहे पर ले जाकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण सक्षम अधिकारी को बुलाने और उचित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि साढ़े चार फीट की ऊंचाई पर झूलते इस हाईटेंशन तार को ऊंचा कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई थी। उन्होंने संभावित दुर्घटना की चेतावनी भी दी थी, लेकिन आज तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण यह घटना हुई। बता दे कि 14 दिन पहले भी कोन के मिश्री में लाइन बनाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक निविदा कर्मी की मौत हो गई थी। उस समय भी मोहिउद्दीनपुर में कोन-तेलगुडवा मार्ग जाम किया गया था, जो तीन घंटे बाद समाप्त हुआ था। समाचार लिखे जाने तक सड़क पूरी तरह से जाम थी और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।


