देवास में मांगलिया को पानी दिए जाने की चर्चाओं के बाद शहर में जल संकट का मुद्दा गरमा गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस की मांग है कि देवास के हिस्से का पानी मांगलिया को न दिया जाए और शहरवासियों के हितों को प्राथमिकता मिले। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी भाजपा पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस नेताओं ने पार्षद बैस को “बीजेपी का भक्त” कहकर संबोधित किया। इस पर नाराजगी जताते हुए पार्षद बैस ने पलटवार करते हुए कहा, “बीजेपी मेरी मां है।” पार्षद बोले- कांग्रेस केवल नौटंकी कर रही
पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी केवल “नेतागिरी और नौटंकी” कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इस मामले की सही जानकारी नहीं है और वह जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे देवास के नागरिकों के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक देवास के पानी को बाहर भेजने के फैसले पर कोई स्पष्टता नहीं आती, उनका विरोध जारी रहेगा।


