प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर बरेली के जिला महिला चिकित्सालय में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ फल भी वितरित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह ने कार्यक्रम में बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान वर्ष 2016 में शुरू किया गया था। इस अभियान के तहत हर महीने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों की व्यवस्था की जाती है। चिकित्सकीय सलाह का पालन करने का आदेश डॉ. सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना है। जिला महिला चिकित्सालय में हुए इस कार्यक्रम के दौरान, गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित गर्भावस्था, उचित पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए। इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टी. प्रसाद, अन्य महिला चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और उन्हें नियमित जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया।


