सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया में पानी के किराये को लेकर हुए विवाद में रोजगार सहायक (प्रभारी सचिव) के साथ जमकर मारपीट की गई। ग्राम सभा की बैठक के दौरान चार लोगों ने पंचायत भवन में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सोमवार को चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया है, जिसमें मारपीट होती दिख रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राम पड़रिया में पदस्थ रोजगार सहायक और अतिरिक्त सचिव 35 वर्षीय मुकेश कुर्मी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गांव में पानी की कमी होने के कारण 17 अप्रैल से पंचायत द्वारा साहब सिंह चौहान के निजी बोर से किराये पर पानी लिया जा रहा था। 5 जून की दोपहर मुकेश पंचायत भवन में ग्राम सभा के आयोजन में व्यस्त थे। तभी साहब सिंह वहां पहुंचे और पानी के किराये के पैसे मांगने लगे। जब मुकेश ने कहा कि सरपंच से बात करके पैसे दिला देंगे, तो साहब सिंह भड़क गए। लात-घूंसों और डंडे से पीटा, फाड़े सरकारी दस्तावेज
विवाद के दौरान साहब सिंह का भाई गुड्डू उर्फ इमरत सिंह चौहान और उनके बेटे नीतेश व निशांत भी वहां आ गए। चारों ने मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर गुड्डू ने मुकेश को डंडे से पीटा, जबकि नीतेश और निशांत ने उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद चारों ने मिलकर लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और पंचायत भवन में रखे सरकारी रजिस्टर व दस्तावेज फाड़ दिए। वहां मौजूद ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हुआ। एसपी कार्यालय पहुंचकर सचिवों ने जताया विरोध
पुलिस ने पीड़ित प्रभारी सचिव की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना से आक्रोशित रोजगार सहायकों और पंचायत सचिवों ने सागर एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


