संभल में 1.68 करोड़ का 628.65 किलोग्राम एसीटिक-एनहाईड्राइड प्रीकर्सर जब्त:गंगा एक्सप्रेस-वे पर भरा कंटेनर पकड़ा, चार तस्कर गिरफ्तार, स्मैक-हेरोईन बनाने में उपयोग होता था

संभल में 1.68 करोड़ का 628.65 किलोग्राम एसीटिक-एनहाईड्राइड प्रीकर्सर जब्त:गंगा एक्सप्रेस-वे पर भरा कंटेनर पकड़ा, चार तस्कर गिरफ्तार, स्मैक-हेरोईन बनाने में उपयोग होता था

सोमवार को संभल की कैलादेवी पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.68 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 628 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर, एक कंटेनर ट्रक, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है। मेरठ की ओर से गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते एक बंद बॉडी कंटेनर में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर थाना कैलादेवी पुलिस ने घेराबंदी की। खिरनी के निकट जियो पेट्रोल पंप के पास खड़े संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रांसपोर्ट के सामान के बीच छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर बरामद हुआ। कंटेनर से नौ नीले रंग के प्लास्टिक पीपे और एक सफेद ड्रम मिले, जिनमें यह रसायन भरा हुआ था। बरामद पदार्थ का कुल वजन 628 किलोग्राम पाया गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की बरेली और लखनऊ यूनिट और संभल की कैलादेवी पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों और विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल एसीटिक एनहाइड्राइड (Acetic Anhydride) की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मदनपाल पुत्र हरिचंद्र (निवासी लखौरी), मोहम्मद नाजिम पुत्र अब्दुल रशीद (निवासी कालाखेड़ा, थाना नखासा, संभल), राजपाल पुत्र तोताराम (निवासी बिटौली, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली) और शोएब पुत्र शफीक चौधरी (निवासी नौदायल, थाना सहसवान, बदायूं) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद रसायन का उपयोग स्मैक और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के निर्माण में किया जाता है। संयुक्त रूप से धन एकत्र कर इसे खरीदते थे और ट्रांसपोर्ट के सामान के बीच छिपाकर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बाराबंकी, गाजियाबाद, संभल, बरेली सहित विभिन्न जनपदों में अलग-अलग धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने कहा कि गहन जांच की जा रही है और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *