मैनपुरी में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, VIDEO:मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक से मारपीट और दुकान में जमकर तोड़फोड़, दो गिरफ्तार

मैनपुरी में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, VIDEO:मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक से मारपीट और दुकान में जमकर तोड़फोड़, दो गिरफ्तार

मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र में देर रात एक मेडिकल स्टोर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ की, संचालक और उसके परिवार के साथ मारपीट की, तथा सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए। यह घटना बरनाहल थाना क्षेत्र के दिहुली चौराहे की है। पीड़ित राहुल कुमार पुत्र अशोक कुमार ने बताया कि वह चौराहे पर ‘राहुल मेडिकल’ नाम से दुकान चलाते हैं। राहुल के अनुसार, देर रात वह अपनी दुकान के सामने स्थित एक अन्य दुकान पर गए हुए थे, तभी एक दर्जन से अधिक नकाबपोश लोग उनकी मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। राहुल ने बताया कि जानकारी मिलते ही वह दौड़कर अपनी दुकान पर पहुंचे और विरोध करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। हमलावरों ने दुकान के कांच के गेट, काउंटर, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। दुकान में रखा सामान भी बाहर फेंक दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी और बेटा वैभव भी मौके पर पहुंच गए। हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। राहुल का कहना है कि वह हमलावरों में से एक-दो लोगों को पहचानते हैं, जिनमें से एक की पहचान ललित मोहन के रूप में हुई है। राहुल ने बताया कि जाते समय आरोपित उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और साक्ष्य मिटाने की नीयत से डीवीआर अपने साथ ले गए।घटना के बाद पीड़ित ने बरनाहल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना अनिरुद्ध प्रताप का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। मामले में दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *