फर्जी हस्ताक्षर मामले में चीफ फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय पर कार्रवाई:बस्ती में अपर निदेशक ने सीएमओ से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

फर्जी हस्ताक्षर मामले में चीफ फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय पर कार्रवाई:बस्ती में अपर निदेशक ने सीएमओ से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

बस्ती में स्वास्थ्य विभाग के फर्जी हस्ताक्षर प्रकरण में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बस्ती मंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बस्ती को चीफ फार्मासिस्ट अजय कुमार मिश्रा और वार्ड ब्वाय ललित बौद्ध के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अपर निदेशक ने 22 मई 2026 को जारी अपने पत्र में बताया कि यह कार्रवाई निदेशक (पैरामेडिकल), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों पर की जा रही है। पत्र के अनुसार, वार्ड ब्वाय ललित बौद्ध द्वारा चीफ फार्मासिस्ट अजय कुमार मिश्रा के फर्जी हस्ताक्षर करने का मामला सामने आया था। जांच में पाया गया कि फर्जी हस्ताक्षर करना और करवाना दोनों ही सेवा नियमों का उल्लंघन तथा गंभीर अनुशासनहीनता है।पत्र में यह भी उल्लेख है कि तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. दूबे की 15 मई 2024 की निरीक्षण रिपोर्ट में भी इस प्रकरण की पुष्टि हुई थी। इसके बावजूद, अब तक दोनों कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट न होने पर अपर निदेशक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमओ से साक्ष्यों सहित एक स्पष्ट रिपोर्ट मांगी है।अपर निदेशक ने अपने निर्देश में कहा है कि दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई, उससे संबंधित सभी अभिलेख और उपलब्ध साक्ष्य तत्काल भेजे जाएं। इससे मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी हस्ताक्षर जैसे गंभीर आरोपों ने एक बार फिर जवाबदेही और अनुशासन के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। अब सभी की निगाहें सीएमओ कार्यालय की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। प्रकरण को लेकर जब सीएमओ डॉक्टर राजीव निगम से बात की गई तो उन्होने कहा कि अभी कार्रवाई नहीं की गई है, जाँच चल रही है l

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *