विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन के आयोजन की तैयारियों के क्रम में सोमवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन परिसर में भूमि पूजन एवं कार्यक्रम स्थल का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार एवं बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने भूमि पूजन कर अधिवेशन की सफलता की कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विज्ञान के समन्वय को राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विज्ञान भारती के वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंकित, प्रो. रामनारायण द्विवेदी, प्रो. संजय शर्मा, प्रो. राजेश कुमार, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी सहित आयोजन समिति के अनेक सदस्य, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। 2 दिन होगा अधिवेशन आयोजन समिति के अनुसार विज्ञान भारती का 7वां राष्ट्रीय अधिवेशन 13 एवं 14 जून को वाराणसी में आयोजित होगा। प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में देश-विदेश से लगभग 1500 वैज्ञानिक, विद्वान, शिक्षक, शोधकर्ता, तकनीशियन, नीतिनिर्माता एवं विद्यार्थी भाग लेंगे। अधिवेशन में वैज्ञानिक परिचर्चाओं, प्रदर्शनियों तथा मुक्त संवाद के माध्यम से विज्ञान एवं समाज से जुड़े समकालीन विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस वर्ष का अधिवेशन मुख्य रूप से “एआई एंड एथिक्स”, “वन हेल्थ” तथा “नेट जीरो” विषयों पर केंद्रित रहेगा।


