जींद जिले के उचाना शहर की नंदीशाला में अब गायों को पर्याप्त नहरी पानी मिल सकेगा। विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने नंदीशाला में 1 इंच की पाइपलाइन बिछवाकर अपना वादा पूरा किया है, जिससे गर्मियों में गायों को पानी की कमी नहीं होगी। नंदीशाला समिति ने विधायक से जन स्वास्थ्य विभाग की आधी इंच की पाइपलाइन को बदलकर 1 इंच की पाइपलाइन बिछाने की मांग की थी। समिति के अनुसार, पहले आधी इंच की पाइपलाइन से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता था, जबकि नंदीशाला में गायों की संख्या अधिक है। गोभक्तों ने विधायक का आभार जताया समिति सदस्यों, प्रधान श्याम सुंदर, देवीलाल, अशोक बंसल, रमेश मंगला और देवी प्रसन्न ने बताया कि नंदीशाला में भूजल पीने योग्य नहीं है। इसलिए गायों के लिए जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन से ही पानी आता है। विधायक अत्री ने पिछले साल नंदीशाला दौरे के दौरान गायों के लिए पीने के पानी की इस प्रमुख मांग को पूरा करने का वादा किया था। वादा पूरा होने पर नंदीशाला कमेटी और गोभक्तों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई विनय ने पुष्टि की कि नंदीशाला में पीने के पानी के लिए नई पाइपलाइन बिछाई गई है, ताकि पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच सके।


