शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौहान क्रेन हाउस के पास स्थित एएसएम (ASM) स्कोडा शोरूम के वर्कशॉप में एक नौसिखिए ड्राइवर की लापरवाही के कारण लाखों रुपए का नुकसान हो गया। सर्विसिंग के बाद अपनी कार वापस लेने आया एक नया ड्राइवर गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। उसने वर्कशॉप के अंदर ही गाड़ी को रेस दे दी और वहां खड़ी अन्य महंगी गाड़ियों समेत वर्कशॉप की हाइड्रोलिक लिफ्ट में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 7 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। घटना 26 मई की शाम 5 बजे की है। शोरूम मैनेजर सागर कुमार की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया है। सर्विसिंग के बाद कार लेने आया था नौसिखिया चालक पड़ाव स्थित एएसएम स्कोडा शोरूम के वर्कशॉप में बतौर मैनेजर पदस्थ सागर शर्मा निवासी अल्कापुरी सिटी सेंटर ने बताया कि स्कोडा कार (क्रमांक MP 07 N 5478) रिपेयरिंग और रुटीन सर्विसिंग के लिए आई थी। कार का काम पूरा होने के बाद, गाड़ी के मालिक ने 26 मई को उसे वर्कशॉप से वापस लाने के लिए एक ड्राइवर को भेजा। ड्राइवर को ठीक से गाड़ी चलाना नहीं आता था। नियंत्रण खोया; 3 कारें और हाइड्रोलिक लिफ्ट क्षतिग्रस्त ड्राइवर ने डिलीवरी लेने के लिए कार को स्टार्ट किया और वर्कशॉप के अंदर से बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान उसका स्टेयरिंग व एक्सीलेटर पर नियंत्रण नहीं रहा। अनियंत्रित कार ने वर्कशॉप के अंदर खड़ीं अन्य ग्राहकों की तीन कीमती गाड़ियों को बैक-टू-बैक जोरदार टक्कर मारी। टक्कर से तीनों लग्जरी गाड़ियों के आगे और पीछे के हिस्से बुरी तरह पिचक गए। हाइड्रोलिक लिफ्ट भी तोड़ी गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और ड्राइवर ने गाड़ी को सीधे वर्कशॉप में लगी भारी-भरकम हाइड्रोलिक लिफ्ट (गाड़ी उठाने वाली मशीन) में दे मारा। जिससे लिफ्ट वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। स्कोडा शोरूम के मैनेजर सागर शर्मा ने बताया कि गनीमत यह रही कि वर्कशॉप में काम कर रहे मैकेनिक्स और कर्मचारी बाल-बाल बच गए। लगभग सात लाख रुपए का हुआ नुकसान मैनेजर के मुताबिक दुर्घटना के बाद जब क्षतिग्रस्त हुई तीनों गाड़ियों के पार्ट्स और चेसिस नंबर के आधार पर नुकसान का एस्टीमेट (आकलन) निकाला गया, तो गाड़ियों के पार्ट्स में करीब 6 लाख रुपए का नुकसान सामने आया। इसके अलावा, जो हाइड्रोलिक लिफ्ट क्षतिग्रस्त हुई है, उसे ठीक कराने में करीब 1 लाख रुपए का खर्च आएगा। पुलिस का कहना है पड़ाव थाना टीआई शैलेन्द्र भार्गव का कहना एएसएम स्कोडा शोरूम के मैनेजर सागर शर्मा की लिखित शिकायत पर कार (MP 07 N 5478) के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और शोरूम के तकनीकी आकलन के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।


