गोरखपुर में सुबह से ही निकली तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद दोपहर के समय मौसम में अचानक बदलाव हुआ। बादल छाने के कुछ देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज रफ्तार में चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि यह बरसात कुछ ही समय के लिए हुई। कुछ देर बाद फिर से धूप निकल गया। मौसम विभाग के अनुसार प्री मानसून के चलते किसी भी समय बारिश हो जा रही है। गुरुवार से बदलेंगे मौसम के हालात
मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि लगातार गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को गुरुवार से राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू होगी और जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवा और आंधी चलने की भी संभावना है। प्री-मानसून बारिश से मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी। इसके चलते बादल बनने और बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। बारिश होने पर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे दिन की गर्मी के साथ रात में महसूस हो रही उमस से भी लोगों को राहत मिलेगी। सात दिनों से 38 डिग्री के पार बना हुआ पारा
गोरखपुर में जून की शुरुआत से ही गर्मी अपना असर दिखा रही है। पिछले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान लगातार 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। 2 और 3 जून सबसे ज्यादा गर्म दिन रहे, जब अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि 7 जून को तापमान में थोड़ी गिरावट आई और अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले सात दिनों में ऐसा रहा तापमान
* 1 जून: अधिकतम 37.6°C, न्यूनतम 26.1°C
* 2 जून: अधिकतम 39.8°C, न्यूनतम 25.7°C
* 3 जून: अधिकतम 39.8°C, न्यूनतम 27.2°C
* 4 जून: अधिकतम 38.5°C, न्यूनतम 26.6°C
* 5 जून: अधिकतम 39.1°C, न्यूनतम 27.4°C
* 6 जून: अधिकतम 39.0°C, न्यूनतम 26.3°C
* 7 जून: अधिकतम 38.1°C, न्यूनतम 24.4°C


