हाथरस में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 13 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है और अगले तीन दिनों तक चलेगी। परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। पुरुष अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए, जबकि महिला अभ्यर्थियों के आभूषण और बालों के जूड़े तक खुलवाकर सघन तलाशी ली गई। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इन परीक्षा केंद्रों पर हो रही परीक्षा यह परीक्षा हाथरस के सरस्वती इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, श्री रामबाग इंटर कॉलेज, अक्रूर इंटर कॉलेज, पीसी बागला डिग्री कॉलेज, पीवीएएस इंटर कॉलेज, के एल जैन इंटर कॉलेज सासनी, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज और नेहरू स्मारक भगवान दास इंटर कॉलेज, मेंडू में आयोजित की जा रही है।
रोडवेज बस स्टैंड पर हंगामा प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से रोडवेज बसों में आधा किराया लिया जाएगा। हालांकि, कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की है कि उनसे पूरा किराया वसूला गया। मुरादाबाद से आए एक अभ्यर्थी आकाश ने बताया कि उन्हें आधे किराए की जानकारी नहीं थी और उन्होंने पूरा किराया देकर ही हाथरस तक यात्रा की। देर रात रोडवेज बस स्टैंड पर इसी मुद्दे को लेकर हंगामा भी हुआ। रोडवेज अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें शासनादेश दोपहर 12 बजे प्राप्त हुआ था और उसके अनुसार ही किराया लिया गया है। इस परीक्षा में कुल 30,240 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक दिन होने वाली इस परीक्षा की हर पाली में 540 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।


