करंट लगने से बिजली निगम कर्मचारी की मौत:शटडाउन लेकर कर रहा था काम, करंट दौड़ाने से हुआ हादसा

करंट लगने से बिजली निगम कर्मचारी की मौत:शटडाउन लेकर कर रहा था काम, करंट दौड़ाने से हुआ हादसा

खंडार उपखंड के मेरई कलां गांव में सोमवार सुबह एक दुखद हादसा सामने आया। यहां सावलपुर निवासी समंदर पुत्र केदार जाट (45) की बिजली लाइन पर कार्य करते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजन बोले, लाइन सही से पहले ही शट डाउन चालू करने पर हादसा हुआ जानकारी के अनुसार समंदर ने संबंधित पावर हाउस से शटडाउन लेकर लाइन पर कार्य शुरू किया था। आरोप है कि कार्य पूरा होने से पहले ही बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने खंडार-सवाई माधोपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि शटडाउन लेने के बावजूद कार्य के दौरान बिजली चालू होना गंभीर लापरवाही है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने की यह मांग परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस एवं बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाने का प्रयास किया। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इनपुट- सागर सैनी खंडार।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *