कोटा में सड़क पर टहलता दिखा 6 फीट लंबा मगरमच्छ:वन विभाग ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

कोटा में सड़क पर टहलता दिखा 6 फीट लंबा मगरमच्छ:वन विभाग ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

कोटा शहर के काला तलाव इलाके में सोमवार सुबह एक करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दिया। सड़क पर मगरमच्छ को देख वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सफलतापूर्वक काबू में लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से चंबल नदी में छोड़ दिया गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ सड़क पर चलता हुआ जा रहा था। पास में एक नहर बनी हुई है, ऐसे में संभावना है कि वह नहर से निकलकर सड़क तक पहुंच गया हो। नहर के दोनों ओर दीवार होने के कारण वह वापस अंदर नहीं जा पा रहा था। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ था और उसे बिना किसी नुकसान के चंबल नदी में छोड़ दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि शहर या ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी जंगली जीव-जंतु दिखाई दे तो उसे परेशान न करें, न ही नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या वन्यजीव रेस्क्यू टीम को सूचना दें ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *