गिरवासा खदान पर रेत माफिया के रास्ते बंद:200 से ज्यादा ट्रैक्टरों के अवैध परिवहन की शिकायत पर पुलिस ने खुदवाई खाई

भिंड जिले की गिरवासा रेत खदान पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की है। असवार थाना पुलिस ने खदान क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा बनाए गए वैकल्पिक रास्तों को बंद करने के लिए खाई खुदवाई, ताकि अवैध रूप से रेत का परिवहन रोका जा सके। जानकारी के अनुसार, बीते दो दिनों से गिरवासा रेत खदान क्षेत्र में रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक देर रात से लेकर सुबह तक 200 से अधिक ट्रैक्टर रेत का परिवहन कर रहे थे। इससे शासन को राजस्व की हानि होने के साथ-साथ खनिज संपदा का अवैध दोहन भी किया जा रहा था। मामले की शिकायत भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंची थी। शिकायतों के बाद शुक्रवार रात करीब 8 बजे असवार थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा पुलिस बल के साथ गिरवासा खदान पहुंचे। यहां उन्होंने उन कच्चे रास्तों का निरीक्षण किया, जिनका उपयोग कथित रूप से रेत माफिया द्वारा अवैध परिवहन के लिए किया जा रहा था। निरीक्षण के बाद पुलिस की मौजूदगी में रास्तों पर खाई खुदवाकर आवागमन बाधित कर दिया गया। अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं : पुलिस
बताया जा रहा है कि रेत खदान का संचालन करने वाली ठेका कंपनी ने भी अवैध परिवहन के मुद्दे को गंभीरता से लिया था। कंपनी की ओर से मामले की सूचना खनिज निगम के भोपाल कार्यालय तक पहुंचाई गई थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई के निर्देश जारी हुए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध रेत परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खदान क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ रात के समय गश्त भी तेज की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन और परिवहन पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *