खेत में मिली अधेड़ की लाश से सनसनी, गला घोंटकर हत्या की आशंका

खेत में मिली अधेड़ की लाश से सनसनी, गला घोंटकर हत्या की आशंका

बीना. आगासौद थानांतर्गत आने वाले देहरी गांव में गुरुवार रात एक हत्या का मामला सामने आया है। मंदिर जाने के लिए घर से निकले 55 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव के बाहर एक खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जबकि प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहरी गांव निवासी कल्लू पिता नत्थू चढ़ार (55) गुरुवार शाम करीब छह बजे घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान गांव के एक युवक ने परिवार को सूचना दी कि सेमरखेड़ी रोड स्थित खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मृतक का बेटा राहुल चढ़ार और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां कल्लू का शव पड़ा मिला। हत्या की घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। इस मामले में पुलिस भी गंभीरता से जांच कर रही है और कुछ लोगों को पूछताछ भी की जा रही है, जिससे मामले का जल्द खुलासा हो सके।

गर्दन व चेहरे पर मिले चोट के निशान
मृतक के चेहरे और गर्दन पर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह एसडीओपी अजय कुमार सनकत, थाना प्रभारी नितिन पाल और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पीएम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि किसी रस्सी से गला दबाया गया है।

मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की शुरू
अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नितिन पाल, थाना प्रभारी, आगासौद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *