संवर्धित यूरेनियम के बदले ईरान को नहीं मिलेगी अमेरिकी प्रतिबंधों से राहत, डोनाल्ड ट्रंप की दो टूक

संवर्धित यूरेनियम के बदले ईरान को नहीं मिलेगी अमेरिकी प्रतिबंधों से राहत, डोनाल्ड ट्रंप की दो टूक

अमेरिका (United States of America) और ईरान (Iran) के बीच जल्द ही डील फाइनल हो सकती है। दोनों देश इसकी उम्मीद जता रहे हैं। अमेरिका ने ईरान को इस डील के लिए ज़रूरी MoU भेज दिया है, जिसकी पुष्टि ईरानी मीडिया ने भी की है। इस MoU में डील से जुड़े सभी प्रावधान सम्मिलित हैं, जिन पर ईरान विचार कर रहा है। कई एक्सपर्ट्स उम्मीद जता रहे थे कि इस डील के तहत ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से राहत मिल जाएगी। हालांकि अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया है।

ईरान को नहीं मिलेगी अमेरिकी प्रतिबंधों से राहत

ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से कोई राहत नहीं मिलेगी। ट्रंप के अनुसार ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) त्याग भी देता है तो भी अमेरिका की तरफ से उस पर लगाए गए प्रतिबंध नहीं हटाए जाएंगे। इसके अलावा ईरान की काफी संपत्ति/धनराशि भी अमेरिका द्वारा ब्लॉक की हुई है और वो भी ब्लॉक ही रहेगी। ट्रंप के अनुसार अगर ईरान सही बर्ताव करता है, तो वह उसे वो संपत्ति/धनराशि लेने देंगे।

होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका रखेगा निगरानी

व्हाइट हाउस कैबिनेट मीटिंग में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “होर्मुज़ स्ट्रेट (Strait of Hormuz) अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र है और अमेरिका इस जलमार्ग पर निगरानी रखेगा। यह जलमार्ग सबके लिए खुला रहेगा, सर। कोई भी इसे नियंत्रित नहीं करेगा। ईरान इस जलमार्ग को नियंत्रित करना चाहेगा, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। ओमान (Oman) को भी अन्य देशों की तरह ही व्यवहार करना होगा। अगर ज़रूरत पड़ी तो हम ओमान पर भी हमला कर देंगे। ओमान यह बात समझता है और वो ठीक से बर्ताव करेगा।”

हटेगी अमेरिकी नाकेबंदी

ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि ईरान से डील होने पर होर्मुज स्ट्रेट न सिर्फ पूरी तरह खुल जाएगा, बल्कि उससे अमेरिकी नाकेबंदी भी हट जाएगी। अमेरिका अपने सभी सैनिकों और युद्धपोतों को इस जलमार्ग और इसके आसपास से हटा लेगा। इससे होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पहले ही तरह हो जाएगी।

क्या रूस या चीन लेगा ईरान का संवर्धित यूरेनियम?

ट्रंप से जब सवाल पूछा गया कि अगर रूस (Russia) या चीन (China) ईरान का संवर्धित यूरेनियम लेते हैं, तो क्या वह सहज होंगे? इसका जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि वह इससे सहज नहीं होंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रूस पहले भी ईरान के संवर्धित यूरेनियम को लेने का प्रस्ताव दे चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *