मेरठ में पिता ने बेटी की गला दबाकर हत्या की:गुपचुप किया अंतिम संस्कार, मामा ने दर्ज कराई रिपोर्ट, दूसरी पत्नी भी हिरासत में

मेरठ में पिता ने बेटी की गला दबाकर हत्या की:गुपचुप किया अंतिम संस्कार, मामा ने दर्ज कराई रिपोर्ट, दूसरी पत्नी भी हिरासत में

मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में पिता ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर अपनी 17 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के मामा को इसका पता चला तो वह गांव पहुंच गए और विरोध कर दिया। मां की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और देर रात हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पिता को गिरफ्तार कर लिया। भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में कपिल भारद्वाज परिवार के साथ रहते हैं। वर्ष 2009 में कपिल भारद्वाज की शादी हापुड़ निवासी प्रीति से हुई थी। शादी के बाद प्रीति ने एक बेटी खुशी उर्फ़ खुशबु और फिर एक बेटे राधे को जन्म दिया। वर्ष 2017 में प्रीति की मौत हो गई। बताया जाता है कि कपिल ने 6 महीने बाद ही पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। सोमवार रात खुशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और कपिल भारद्वाज ने आनन फानन में बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामा ने गांव पहुंचकर पुलिस से की शिकायत
मंगलवार दोपहर मृतका खुशी के मामा हापुड़ निवासी भूपेंद्र शर्मा पुत्र शिवकुमार शर्मा निवासी नई पन्नापुरी हापुड़ को किसी ने फोन कर बताया कि उनकी भांजी ख़ुशी की मौत हो गई है। वह जब तक मेरठ पहुंचते तब तक खुशी का अंतिम संस्कार हो चुका था। उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत की और कपिल पर भांजी की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की और कुछ घंटे बाद ही कपिल को गिरफ्तार कर लिया। पिता से पूछताछ करने में जुटी पुलिस
मंगलवार देर रात ही पुलिस ने कपिल भारद्वाज के खिलाफ बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की माने तो कपिल भारद्वाज ने बेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि उसके द्वारा गला घोटकर हत्या किए जाने की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। इस मामले में पुलिस ने कपिल की दूसरी पत्नी पिंकी को भी हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ चल रही है। खुशी बोली थी- आकर ले जाओ, वरना मार देंगे
इस पूरे मामले में एक ऑडियो पुलिस को उपलब्ध कराई गई है जो खुशी से बात करते वक्त मौसी के फोन में रिकॉर्ड हो गई थी। ऑडियो में खुशी अपनी मौसी से बोल रही है कि मामा से कह दो, वह मुझे आकर ले जाएंगे वरना यह लोग मुझे मार देंगे। भूपेंद्र का कहना है कि वह अगर खुशी की बात को गंभीरता से ले लेते तो वह बच जाती। चार साल से ख़ुशी का करते आ रहे उत्पीड़न
17 वर्षीय खुशी का लगभग 4 साल से कपिल और पिंकी उत्पीड़न करते आ रहे थे। यह बात खुशी के मामा भूपेंद्र ने पुलिस को बताई है। बताया कि 4 साल पहले पिंकी ने बेटे को जन्म दिया था जिसके बाद से कपिल ने उनकी भांजी खुशी और भांजे राधे पर ध्यान देना बंद कर दिया। भूपेंद्र ने आरोप लगाया की सोची समझी साजिश के तहत खुशी की हत्या की गई है। प्रीति की मौत पर भी खड़े किए सवाल
खुशी की हत्या का आरोप लगाने वाले मामा भूपेंद्र शर्मा ने अब कपिल भारद्वाज पर अपनी बहन प्रीति की हत्या करने का भी आरोप लगाया है। भूपेंद्र ने बताया कि उस वक्त कपिल के द्वारा बताया गया था कि सोते वक्त प्रीति बेड से गिर गई थी जिस कारण उसकी मौत हो गई। शक उस दौरान भी था लेकिन दोनों बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी। ढाई सौ परिवारों को नहीं लगने दी भनक
खुशी की हत्या कितने शातिर अंदाज में की गई इसका पता इसी से लगाया जा सकता है कि गोकुलधाम सोसायटी में रहने वाले 250 परिवारों को जरा भी कपिल भारद्वाज और पिंकी ने शक नहीं होने दिया। पेट में दर्द और अस्पताल ले जाने की बात कह कर वह पिंकी को घर से ले गए और उसको ब्रजघाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *