झालावाड़ में जयपुर डिस्कॉम ने खंडिया पावर हाउस स्थित मीटिंग हॉल में मंगलवार देर शाम एक संगोष्ठी का आयोजन किया। यह संगोष्ठी “मिशन लाइफ के तहत नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना एवं संवर्धन” विषय पर केंद्रित थी।
इसमें 62 कर्मचारियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। संगोष्ठी में बताया गया कि ‘मिशन लाइफ’ भारत के नेतृत्व में शुरू किया गया एक वैश्विक जन-आंदोलन है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस पहल के तहत, दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करके जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने और बिजली व पानी की बचत जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर निगम झालावाड़ के एसई बी सहाय, पंकज सक्सेना, अजय सोनी, विमलेश मिश्रा और मनोज शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।


