कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के फरीदनगर गांव में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। सूचना मिलने पर सोरों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक युवक की पहचान फरीदनगर निवासी लोकेश पुत्र वीरेंद्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोकेश ने घरेलू कलह से परेशान होकर अपने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए कासगंज के मामो जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


