नर्मदा में डूब रहे दो युवकों का रेस्क्यू:ओंकारेश्वर में नहाने उतरे थे, एसडीईआरएफ जवान ने डूबते देख वर्दी पहने ही नदी में छलांग लगाई

नर्मदा में डूब रहे दो युवकों का रेस्क्यू:ओंकारेश्वर में नहाने उतरे थे, एसडीईआरएफ जवान ने डूबते देख वर्दी पहने ही नदी में छलांग लगाई

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गंगा दशहरा पर्व के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। नर्मदा स्नान के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूबने लगे, लेकिन घाट पर तैनात एसडीईआरएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं की सांसें थाम दीं। ब्रह्मपुरी घाट पर डूबने लगा युवक जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के अमरावती से दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर पहुंचे 16 वर्षीय पीयूष पिता रविंद्र ब्रह्मपुरी घाट पर नर्मदा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करते देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया। सूचना मिलते ही घाट पर तैनात एसडीईआरएफ जवान बलबहादुर और सैनिक महेश रावत बिना देर किए वर्दी पहने ही नर्मदा नदी में कूद पड़े। दोनों जवानों ने युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कोटितीर्थ घाट पर भी बचाई जान इसी दौरान कोटितीर्थ घाट पर भी एक और हादसा होते-होते बच गया। यहां स्नान कर रहे खरगोन निवासी 18 वर्षीय राहुल का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर तैनात एसडीईआरएफ सैनिक गणेश वर्मा ने तुरंत रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। होमगार्ड जिला कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने बताया कि साहस और तत्परता दिखाने वाले जवानों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *