टीकमगढ़ में पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। आज भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 30 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का यह दौर जारी रहेगा और तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में केवल 15 डिग्री का अंतर दर्ज किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक गर्म हवाएं चलती रहीं, जिसके कारण दोपहर में सड़कें सूनी रहीं। भू अभिलेख कार्यालय के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.02 डिग्री था। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने टीकमगढ़ के लिए पहले ही लू का रेड अलर्ट जारी कर दिया था। दोपहर 12 बजते ही लोगों के मोबाइल पर गर्मी का अलार्म बजने लगता है। जिला प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। कलेक्टर के निर्देश पर सिविल लाइन रोड और जिला अस्पताल में शीतल केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। शुक्रवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और अगले दो दिनों के बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।


