गंगा दशमी पर जल संगोष्ठी, जमडार नदी की महाआरती:विधायक बोले-पानी बिना जीवन असंभव, पुरानी जल संरचनाएं हों पुनर्जीवित

गंगा दशमी पर जल संगोष्ठी, जमडार नदी की महाआरती:विधायक बोले-पानी बिना जीवन असंभव, पुरानी जल संरचनाएं हों पुनर्जीवित

टीकमगढ़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिव धाम कुंडेश्वर में गंगा दशमी के अवसर पर जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोमवार रात 8 बजे शुरू हुआ, जिसमें जमडार नदी की महाआरती उतारी गई। संगोष्ठी में जलस्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर गहन चर्चा की गई, जो रात करीब 10 बजे तक चली। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि जतारा विधायक हरिशंकर खटीक इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। विधायक खटीक ने अपने संबोधन में कहा कि पानी के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। उन्होंने जिले में बान सुजारा बांध की स्वीकृति का उल्लेख किया, जिससे अब लोगों को पीने और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है। नदी पर एनीकट बनाने की आवश्यकता पर जोर पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने जिले में पानी की कमी की समस्या पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बरीघाट फिल्टर प्लांट, जो जिले के पानी का मुख्य स्रोत है, गर्मियों में अक्सर पानी की कमी का सामना करता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने नदी पर एनीकट बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने पुरानी नहरों और जल संरचनाओं पर बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर इन अतिक्रमणों को हटाने में सहयोग करने का आह्वान किया, क्योंकि यह विषय जिले के भविष्य से जुड़ा है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत, अभिषेक खरे, अभिषेक पस्तोर, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम बल्देवगढ़ भारती देवी मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा और निशांत भूरिया सहित कई संबंधित अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *