सीएम के लिए ट्रैफिक रोका…गुस्से में जनता ने बजाए ‘हार्न’:कैदी की कारों के काफिले से कोर्ट पेशी; रील के लिए विधायक ने तोड़े रूल्स

सीएम के लिए ट्रैफिक रोका…गुस्से में जनता ने बजाए ‘हार्न’:कैदी की कारों के काफिले से कोर्ट पेशी; रील के लिए विधायक ने तोड़े रूल्स

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। वीआईपी कल्चर का अनोखे ढंग से विरोध
सिंगरौली में वीआईपी कल्चर का अनोखे ढंग से विरोध देखने को मिला। लोगों ने अपने वाहन स्टार्ट रखे और लगातार हार्न बजाकर नाराजगी जाहिर की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने वाला था। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक रोक दिया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कतारें लग गईं और भीषण गर्मी में लोग खड़े-खड़े परेशान होने लगे। इसके बाद लोगों ने एक साथ अपने वाहनों के हार्न बजाने शुरू कर दिए। सड़क पर देर तक हार्न की आवाज गूंजती रही। खास बात यह रही कि यहां कोई नेता नहीं बना। किसी ने भाषण नहीं दिया, न ही धरना-प्रदर्शन किया। किसी ने पुलिसकर्मियों से बहस भी नहीं की। लोगों ने सिर्फ हार्न बजाकर वीआईपी कल्चर के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक रोकने को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। सिंगरौली की यह तस्वीर भी यही दिखाती है कि आम लोग अब अपनी परेशानी खुलकर जताने लगे हैं। अब इस अनोखे विरोध के बाद उम्मीद की जा रही है कि सरकार और प्रशासन जनता की परेशानी और उसकी नाराजगी, दोनों को समझेंगे। कैदी पर मेहरबानी, मिला वीआईपी ट्रीटमेंट
जेल में कैदियों की खातिरदारी की कई तस्वीरें आपने देखी होंगी, लेकिन जबलपुर में तो गजब ही हो गया। यहां एक कैदी को अलग ही वीआईपी ट्रीटमेंट मिलता नजर आया। दरअसल, एक कैदी को कोर्ट पेशी के लिए पुलिस वाहन की बजाय निजी कार से काफिले की तरह ले जाया गया। इतना ही नहीं, पेशी के बाद उसे उसी अंदाज में वापस जेल भी लाया गया। खास बात यह है कि कैदी के साथियों ने बाकायदा इसकी रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर शेयर भी कर दिया। अब कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाता यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर लोग तंज कस रहे हैं कि वीआईपी कल्चर केवल नेताओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जेल के भीतर भी रसूख का असर साफ दिखाई देने लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस और जेल प्रबंधन की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायक ने रील के चक्कर में तोड़े रूल्स
मध्य प्रदेश के सबसे रईस विधायकों में गिने जाने वाले भाजपा विधायक संजय पाठक एक बार फिर चर्चा में हैं। अक्सर अपने प्राइवेट विमान में उड़ने वाले संजय पाठक पीएम मोदी की अपील के बाद जमीन पर आ गए हैं। ईंधन बचाने के लिए उन्होंने इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदा है। संजय पाठक ने साउथ के किसी सुपर स्टार की तरह अपना लुक बनाया। शर्ट के नीचे लुंगी स्टाइल में धोती पहनी और कंधे पर गमछा डाला। फिर इस ड्रेस में शहर की सड़कों पर अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर दौड़ाया। लेकिन विधायक महोदय रील बनाने के चक्कर में रूल्स तोड़ बैठे। उन्होंने बिना हेलमेट पहने बाइक राइड की। जिसे लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि जनप्रतिनिधियों को खुद ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि जनता के सामने सही संदेश जाए। नेता के लिए तपती सड़क पर बिछाई शॉल
इंदौर में कांग्रेस नेताओं का विरोध प्रदर्शन उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब तपती गर्मी में सड़क पर बैठना उनके लिए मुश्किल हो गया। तेज धूप और गर्म सड़क ने नेताओं को यह एहसास करा दिया कि राजनीति करना भी आसान काम नहीं है। दरअसल, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे सड़क पर धरने के लिए बैठे थे। लेकिन गर्म सड़क पर बैठते ही उन्हें परेशानी शुरू हो गई। उनके पैर जलने लगे। फिर उन्होंने पास बैठे कार्यकर्ता के पैर पर पैर रख दिया। लेकिन उससे भी राहत नहीं मिली। इसके बाद नेता जी ने तुरंत फोन लगाकर शॉल मंगवाई। शॉल आते ही उसे सड़क पर बिछाया गया और फिर आराम से उस पर बैठकर प्रदर्शन जारी रखा गया। पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। अब लोग इस पर चटकारे रहे हैं। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), राज द्विवेदी (सिंगरौली), आशीष उरमलिया, (जबलपुर), अमित सालगट (इंदौर) ये भी पढ़ें –
सड़क पर पैदल चले मंत्री, लोगों ने नहीं पहचाना; भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखे कलेक्टर-एसपी शिवपुरी में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया नजर आए। दोनों अधिकारी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पीछे-पीछे ट्रेनिंग हॉल से बाहर आते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को लेकर सवाल खड़े हो गए कि भाजपा के ट्रेनिंग कैंप में कलेक्टर और एसपी का क्या काम? पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *