जिले में शिक्षा विभाग में पूरी तरह से अंधेरगर्दी चल रही है। जिस कृत्य के लिए अधिकारियों को संज्ञान लेकर कर्मचारियों को दंडित किया जाना चाहिए, उसके लिए वे ढाल बनकर उन्हें बचाने में लगे हैं। अधिकारियों की बेशर्मी देखिए, जिस घटना का वीडियो है, उसे झुठलाने में लगे हुए हैं। शिक्षा के मंदिर में बच्चों की किताबें जलाकर मुर्गा बनाने के मामले को ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने झुठला दिया। अधिकारियों के अनुसार ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है, जबकि प्राणपुर के पीएमश्री स्कूल में किताबें जलाकर मुर्गा बनाने का वीडियो है। दरअसल, पीएमश्री स्कूल प्राणपुर में वहाँ के चौकीदार और अन्य लोगों द्वारा स्कूल परिसर में ही मुर्गा बनाया गया और शराब पी गई। इसके बाद स्कूल परिसर में ही बैठकर उन्होंने मुर्गा खाया। बड़ी बात यह है कि बच्चों की किताबों का उन्होंने ईंधन के रूप में मुर्गा पकाने के लिए उपयोग किया। यानी चूल्हे में किताबें जलाकर मुर्गा पकाया गया। जैसे ही घटना हुई तो उसका वीडियो भास्कर के पास पहुँचा। 22 मई को दैनिक भास्कर के अशोकनगर संस्करण और भोपाल में “शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक कृत्य: पीएमश्री स्कूल में बच्चों की किताबों को ईंधन बना पकाया मुर्गा, वीडियो वायरल” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। इसके बाद जिले के शिक्षा विभाग ने ऐसा कृत्य करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाए, घटना को ही झूठा साबित करने पर तुल गए। वीडियो में दिख रहा स्कूल में बना मुर्गा, जली किताबें दैनिक भास्कर के पास स्कूल का एक वीडियो है, जिसमें कुछ लोग स्कूल के बरामदे में बैठकर मुर्गा खाते हुए नजर आ रहे हैं। स्कूल में ही उन्होंने ईंटों का चूल्हा बनाकर मुर्गा पकाया। मुर्गा पकाने के लिए किताबों को जलाया गया। जली हुई किताबें भी वीडियो में साफ नजर आ रही हैं। इसके बाद भी बीईओ और जाँच टीम ने मुर्गा पकाकर खाने वालों को क्लीनचिट दे दी। प्रेस नोट जारी कर असत्य बताया इस मामले में सबसे हास्यास्पद स्थिति चंदेरी बीईओ सुरभि जैन की जाँच की रही, जिसमें उन्होंने जाँच कराई और पूरे घटनाक्रम को ही झुठला दिया। उन्होंने प्रेस नोट जारी कर बताया कि स्कूल परिसर में आरईएस विभाग द्वारा कंप्यूटर कक्ष का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें श्रमिक पास में भोजन तैयार करते हैं। अभी मैं मंदिर में हूँ इस समय मैं मंदिर में हूँ, इसलिए अभी कोई बात नहीं कर सकती हूँ। – सुरभि जैन, बीईओ, चंदेरी इस पर जाँच कराई जाएगी आपके द्वारा स्कूल में किताबें जलाकर मुर्गा बनाने की बात मेरे संज्ञान में लाई गई है। इस पर जाँच कराई जाएगी। – राव उदय प्रताप सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री, मप्र शासन


