Jaipur Crime: वीडियो कॉल पर पति से बात करते हुए पत्नी ने की आत्महत्या! सीसीटीवी से हुआ बेरहमी का खुलासा

Jaipur Crime: वीडियो कॉल पर पति से बात करते हुए पत्नी ने की आत्महत्या! सीसीटीवी से हुआ बेरहमी का खुलासा

जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र के बालाजी विहार में एक महिला ने पति की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका अनु मीणा (36) ने 7 अप्रेल को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

यह वीडियो भी देखें

मोबाइल में घर के सीसीटीवी फुटेज मिले

परिजनों का आरोप है कि घटना के समय वह अपने पति गौतम मीणा के साथ वीडियो कॉल पर थी। अनु के भाई नीरज मीणा ने बताया कि घटना के कुछ दिनों बाद जब उन्होंने अनु के बच्चों से बात की, तो बच्चों ने कहा कि उनकी मां के मोबाइल में कुछ वीडियो मौजूद हैं। इसके बाद परिवार ने मोबाइल की जांच की। मोबाइल में घर के सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें आरोपी गौतम मीणा अनु के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ करता दिखाई दे रहा है।

मारपीट का आरोप

परिजनों का आरोप है कि गौतम शराब पीकर आए दिन अनु और बच्चों के साथ मारपीट करता था। वह अनु को दूसरी शादी करने की धमकी भी देता था। परिजनों ने बताया कि गौतम मीणा पीडब्ल्यूडी विभाग में एक्सईएन पद पर कार्यरत है। अनु और गौतम की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। शादी में करीब 60 लाख रुपए खर्च किए गए थे। इसके बावजूद गौतम लगातार दहेज की मांग को लेकर अनु को प्रताड़ित करता रहा। दोनों के दो बच्चे हैं।

शादी के बाद से ही कर रहा था प्रताड़ित

नीरज मीणा ने बताया कि बहन ने कई बार पति की प्रताड़ना की जानकारी परिवार को दी थी। वर्ष 2022 में भी परिवार ने रिश्ते बचाने के लिए गौतम को 20 लाख रुपए दिए थे, ताकि वह अनु को परेशान न करे। इसके बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला और वह लगातार क्रूर होता गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ महीने बाद मोबाइल की जांच में मारपीट के वीडियो सामने आए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी मानसरोवर आदित्य काकड़े ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी गौतम मीणा की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *