पठानकोट में पहली बार त्रिकोणीय मुकाबला:कांग्रेस, भाजपा के गढ़ में पहली बार आप के 50 उम्मीदवार, शहर से 199, सुजानपुर के रण मैदान में डटे 59 प्रत्याशी

पठानकोट में पहली बार त्रिकोणीय मुकाबला:कांग्रेस, भाजपा के गढ़ में पहली बार आप के 50 उम्मीदवार, शहर से 199, सुजानपुर के रण मैदान में डटे 59 प्रत्याशी

स्थानीय नगर निगम और सुजानपुर कौंसिल चुनावों को लेकर नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। पठानकोट में पहली बार त्रिकोणीय मुकाबला होने जा रहा है। जबकि, इससे पहले नगर निगम के हाउस पर कांग्रेस और भाजपा का ही वर्चस्व रहा है।
पहली बार आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ इस चुनाव में उतरी है। इस बार कांग्रेस और भाजपा से साथ-साथ आप के भी 50 उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे हैं। जिससे इस बार चुनावी परिणाम रोमांचक और अप्रत्याशित होगा। पठानकोट में 199 उम्मीदवार अजमा रहे भाग्य
बता दें, पठानकोट नगर निगम में सबसे ज्यादा 66 नामांकन वापस लिए गए हैं। नाम वापसी के बाद अब यहां 199 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्क्रूटनी के दौरान पठानकोट निगम के कुल 266 उम्मीदवारों में से 1 कैंडिडेट का नामांकन रद्द हुआ था, जिसके बाद मैदान में 265 प्रत्याशी बचे थे। इनमें से 66 द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब अंतिम रूप से 199 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
सुजानपुर कौंसिल में 17 ने वापस लिए नाम, 59 प्रत्याशी रेस में
सुजानपुर कौंसिल के 15 वार्डों में कुल 77 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान यहाँ भी 1 कैंडिडेट का नामांकन रद्द हो गया था, जिससे मैदान में 76 प्रत्याशी बचे थे। मंगलवार को इनमें से 17 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिससे अब यहाँ 59 प्रत्याशी चुनावी मैदान में शेष बचे हैं। निगम के 50 वार्डों और सुजानपुर कौंसिल के 15 वार्डों में कुल खड़े 341 उम्मीदवारों में से 83 कैंडिडेट्स ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। अब दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 258 प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला तय माना जा रहा है।
अकाली दल को नहीं मिले उम्मीदवार
पठानकोट में मुख्य पार्टियों के चुनावी समीकरण की बात की जाए तो 50 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के 50-50 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि, शिरोमणि अकाली दल के महज 29 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। वहीं, 20 आजाद कैंडिडेट भी अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।
सुजानपुर के चुनावी रण में उतरे 14 आजाद उम्मीदवार
इस बार सुजानपुर में भी त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। यहां कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी तीनों ही दलों के 15-15 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। वहीं, राजनीतिक दलों के अलावा 14 आजाद उम्मीदवार भी चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से अधिकतर पार्टियों से टिकट न मिलने से नाराज नेता हैं जो अपनी ही पार्टी के उम्मीदवारों को टक्कर देंगे।
बागियों को मनाने का दौर रहा जारी
नामांकन वापसी के अंतिम दिन आजाद और बागी प्रत्याशियों को मनाने को लेकर तीनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों (कांग्रेस, भाजपा और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी) में नफा-नुकसान का आंकलन चलता रहा। नेताओं द्वारा अपने-अपने स्तर पर मान-मनौव्वल का दौर आखिरी समय तक जारी रहा, जिसके बाद कई प्रत्याशियों ने अपनी नाम वापसी की घोषणा की। अब मुख्य मुकाबला कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
जोड़-तोड़ की राजनीति चरम पर
बता दें, शहर के 50 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और आप में जोड़-तोड़ की राजनीति अपने चरम पर है। रोजाना भाजपा-आप से कांग्रेस और कांग्रेस-आप से भाजपा में शामिल होने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में कई धुरंधरों का राजनितिक खेल बन-संवर रहा है। बीते कल 40 साल से भाजपा के साथ रहे विनोद कुमार नीटा कांग्रेस में शामिल हो गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *