नौ जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट:झारखंड के चार जिलों में कल रहेगा हीट वेव, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

नौ जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट:झारखंड के चार जिलों में कल रहेगा हीट वेव, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

झारखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। कहीं तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है तो कहीं दोपहर बाद आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जा रहा है। मौसम विभाग ने 20 मई के लिए राज्य के नौ जिलों बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रांची सहित कई जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 21 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू चलने की आशंका है। उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव अधिक रहेगा, जिससे तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। डालटनगंज और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। वहीं जमशेदपुर और धनबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी तापमान 40-42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दूसरी ओर रांची, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है। 23 मई को फिर तेज आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 23 मई के लिए रांची समेत कई जिलों में फिर से आंधी और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दिन 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 25 मई तक पूरे राज्य में आंधी, बारिश और मेघ गर्जन को लेकर यलो अलर्ट लागू रहेगा। 22 मई को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसमें दिन में गर्मी और शाम को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में जारी रहेगा उतार-चढ़ाव बीते 24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह 37.4 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं मेदिनीनगर में तापमान में एक डिग्री की गिरावट के बावजूद यह 42.4 डिग्री रहा। जमशेदपुर का तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। सरायकेला में हल्की बारिश और खूंटी में तेज हवा चली। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *