Rajasthan Royals vs Lucknow Super Giants: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी की 38 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
IPL 2026 RR vs LSG Highlights: आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 220 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 19.1 ओवर में ही 225 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
SMS स्टेडियम में सीजन की पहली जीत
इस सीजन सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स की यह पहली जीत है और इस जीत के साथ उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें भी बरकरार हैं। राजस्थान रॉयल्स की यह रिकॉर्ड जीत है, क्योंकि उन्होंने चौथी बार 220 के आंकड़े से ऊपर के लक्ष्य को चेज किया है। आईपीएल इतिहास में आज तक कोई भी टीम चार बार 220 से ज्यादा के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई थी। पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन-तीन बार यह कारनामा किया था, जबकि इससे पहले राजस्थान रॉयल्स भी तीन बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी थी।
लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 221 रन के लक्ष्य को हासिल कर राजस्थान रॉयल्स आईपीएल की पहली टीम बन गई, जिसने चार बार 220 से ज्यादा के लक्ष्य को चेज किया है। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गई है। उनके 13 मैचों में 14 अंक हो गए हैं और अब उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सिर्फ अपना आखिरी मुकाबला जीतना है। राजस्थान रॉयल्स अगर आखिरी मुकाबला जीत जाती है, तो पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएंगे।
राजस्थान ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
इस मुकाबले में वैसे तो कई रिकॉर्ड बने, जिसमें राजस्थान रॉयल्स सातवीं बार आईपीएल में 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य को चेज करने वाली टीम बन गई। इस लिस्ट में सबसे ऊपर पंजाब किंग्स है, जिसने 11 बार 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य को हासिल किया है। दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस है, जिसने 8 बार यह कारनामा किया है। राजस्थान रॉयल्स 7 बार ऐसा करके तीसरे नंबर पर आ गई है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 6 बार यह कारनामा कर चुकी है और चौथे स्थान पर है। आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स ने 5-5 बार यह उपलब्धि हासिल की है।
IPL में RR का चौथा बड़ा रनचेज
आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स का यह चौथा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी है। उन्होंने 2020 में पंजाब किंग्स के खिलाफ शारजाह में 224 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। 224 रन के लक्ष्य को ही 2024 में उन्होंने केकेआर के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हासिल किया था। वहीं, पंजाब किंग्स के खिलाफ इसी सीजन राजस्थान ने 223 रन के लक्ष्य को चेज किया था।
Sports – Patrika | CMS




