सोनीपत में मजदूरी मांगने पर बंधक बनाकर पीटा:लोहे की रॉड से सिर और हाथ फोड़े; 5 दिन से करवा रहे थे काम

सोनीपत में मजदूरी मांगने पर बंधक बनाकर पीटा:लोहे की रॉड से सिर और हाथ फोड़े; 5 दिन से करवा रहे थे काम

सोनीपत के खरखौदा थाना क्षेत्र में मजदूरी मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। पानीपत के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति और उसके साथ काम करने वाले दो युवकों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को पहले खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर खानपुर मेडिकल कॉलेज और बाद में जीएच सोनीपत रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पांच दिन पहले काम पर लेकर आए थे आरोपी घायल तारीक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसके गांव के रहने वाले फलीन और इंशार बोरिंग का काम करते हैं। दोनों उसे गांव जटौला में ट्यूबवेल लगाने के काम के लिए अपने साथ लेकर आए थे। वह पिछले करीब पांच दिनों से उनके साथ काम कर रहा था। मजदूरी मांगने पर शुरू हुआ विवाद तारीक ने बताया कि रात वह गांव जटौला में वीरेंद्र उर्फ सैंडी मास्टर के खेत में ट्यूबवेल लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी मजदूरी के रुपये मांगे। आरोप है कि दोनों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि उनके साथ ही काम करना पड़ेगा। इसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप पीड़ित के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे फलीन और इंशार दोबारा खेत में पहुंचे। उस समय फलीन के हाथ में लोहे की रॉड थी। दोनों ने आते ही उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि फलीन ने लोहे की रॉड से उसके सिर और दोनों हाथों पर वार किए, जबकि दोनों ने मिलकर लात-घूंसों से भी हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद वह बेहोश होकर चारपाई पर गिर गया। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे घटना की सूचना मिलने पर घायल के पिता और बड़ा भाई जुनैद मौके पर पहुंचे। परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल खरखौदा लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाद में उसे जीएच सोनीपत में भर्ती कराया गया। मेडिकल में छह चोटें दर्ज
पुलिस चौकी सैदपुर के हेड कांस्टेबल संजीत ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। मेडिकल लीगल रिपोर्ट में युवक के शरीर पर कुल छह चोटें दर्ज की गई हैं, जिन्हें डॉक्टरों ने ब्लंट इंजरी बताया है। ऑर्थो और सर्जरी विशेषज्ञ की राय भी ली गई है। डॉक्टर द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद घायल का बयान दर्ज किया गया। जान से मारने की धमकी देने का आरोप तारीक ने अपने बयान में आरोप लगाया कि दोनों आरोपितों ने उसका रास्ता रोककर हमला किया और भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी। उसने आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
खरखौदा थाना पुलिस ने घायल युवक के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपित फलीन और इंशार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 115, 126, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *