सात दिन बाद परिजन को मिली मौत की खबर:बालाघाट में एक हफ्ते पहले जंगली सुअर ने हमला किया था

सात दिन बाद परिजन को मिली मौत की खबर:बालाघाट में एक हफ्ते पहले जंगली सुअर ने हमला किया था

बालाघाट जिला अस्पताल में सात दिनों से भर्ती एक मरीज की सोमवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान कटंगी के कटेधरा निवासी 49 वर्षीय लखनलाल नेवारे के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि परिजनों को उनकी मौत के बाद ही अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। लखनलाल की मौत की वजह को लेकर अभी संशय बना हुआ है। मृतक के साले भवन सहारे ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि लखनलाल शादी से लौट रहे थे, तभी जंगली सुअर ने उन पर हमला कर घायल कर दिया था। दूसरी ओर, लखनलाल की पत्नी संगीता ने बताया कि उनके पति को शराब की गंभीर लत थी। इसी विवाद के चलते पत्नी 2008 से ही बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि मौत सुअर के हमले से हुए जख्मों के कारण हुई या शराब के सेवन से। सड़क किनारे घायल मिले थे लखनलाल जानकारी के मुताबिक, 11 मई को लखनलाल एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी बोथवा और जोड़ सड़क के बीच जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। घायल हालत में वे रात भर वहीं पड़े रहे। अगले दिन 12 मई को किसी ने उन्हें कटंगी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सात दिन बाद परिजन तक पहुंची सूचना अस्पताल में इलाज के दौरान लखनलाल के पास कोई परिजन मौजूद नहीं था। 18 मई को जब उनकी मौत हो गई, तब अस्पताल चौकी पुलिस ने छानबीन कर परिजन का पता लगाया और उन्हें खबर दी। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस कर रही है मामले की जांच अस्पताल चौकी प्रभारी शिवदयाल पटले ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। आगे की जांच संबंधित थाना पुलिस करेगी ताकि हादसे और मौत की असल वजह का पता लगाया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *