उदयपुर में भीषण गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिन में घर से बाहर निकलना भारी हो गया है। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर रखा है। सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार उदयपुर का पारा 43.3 डिग्री पहुंच गया है। इससे पहले 12 मई को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री गया था। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था। एक दिन में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज हो गया है। सलूंबर में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। शाम को घूमने निकल रहे लोग दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम दिखाई दी। वहीं, लोग गर्मी से बचाव के लिए छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। इधर, उदयपुर टूरिस्ट सिटी होने से यहां टूरिस्ट आए हुए हैं। लेकिन दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सब शाम बाद पर्यटन केंद्रों पर घूमने निकल रहे हैं। उदयपुर के सुखाड़िया सर्कल पर बच्चों को पैडल बोट कराने के लिए भी लोगों की भीड़ नहीं है। यहां पर सुबह से दोपहर में तो लोग नहीं के बराबर आते हैं। शाम पांच बजे बाद यहां रौनक लौटती है। संचालक स्टाफ का कहना है कि गर्मी का इस कदर प्रभाव रहता है कि आमजन और बाहर से आने वाले लोग घरों से ही बाहर नहीं निकल रहे है तो यहां कैसे आएंगे।


