भावनगर टर्मिनस-शकूर बस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 से

भावनगर टर्मिनस-शकूर बस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 से

कांग्रेस के सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने 11 मार्च को राज्यसभा में उठाया था मुद्दा

भावनगर. यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा भावनगर मंडल से भावनगर टर्मिनस और शकूर बस्ती (दिल्ली) के बीच विशेष किराए पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में कांग्रेस के सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने 11 मार्च को राज्यसभा में मुद्दा उठाया था। राजस्थान पत्रिका में इस मुद्दे से संबंधित खबर को 12 मार्च को प्रकाशित किया गया था। कांग्रेस के सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान मैंने यह मुद्दा उठाया था कि भावनगर से दिल्ली जाने के लिए एक भी सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। मैंने यह जानकारी भी दी थी कि ट्रेन का रेक पूरी तरह खाली पड़ा रहता है। मेरी प्रस्तुति के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। अब 29 मई से भावनगर से शकूर बस्ती (दिल्ली) के लिए और 30 मई से शकूर बस्ती से भावनगर के लिए ट्रेन शुरू की जा रही है।
भावनगर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार भावनगर टर्मिनस-शकूर बस्ती (दिल्ली) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09257) 29 मई से 26 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को भावनगर टर्मिनस से दोपहर 2:20 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन शनिवार को सुबह 10:55 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी।
इसी तरह, शकूर बस्ती (दिल्ली)-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09258) 30 मई से 27 जून तक प्रत्येक शनिवार को शकूर बस्ती से दोपहर 1:15 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन रविवार को सुबह 8:50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन भावनगर परा, सिहोर (गुजरात), धोला, बोटाद, धंधुका, धोलका, सरखेज, गांधीग्राम, चांदखेड़ा रोड, मेहसाणा जंक्शन, पालनपुर जंक्शन, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर जंक्शन, किशनगढ़, फुलेरा, रिंगस, नीम का थाना, नारनौल, रेवाड़ी जंक्शन, गुड़गांव एवं दिल्ली कैंट स्टेशन पर रुकेगी। इस ट्रेन में द्वितीय श्रेणी, शयनयान, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी तथा सेकंड एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन नं. 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूर बस्ती (दिल्ली) साप्ताहिक स्पेशल के लिए टिकटों की बुकिंग रविवार से सभी यात्री आरक्षण केन्द्रों तथा आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर प्रारंभ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *