हमीरपुर में युवक टॉवर पर चढ़ा, शादी की जिद:पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा, ग्वालियर में चल रहा इलाज

हमीरपुर में युवक टॉवर पर चढ़ा, शादी की जिद:पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा, ग्वालियर में चल रहा इलाज

हमीरपुर के कुरारा कस्बे में एक युवक अपनी शादी की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। युवक का ग्वालियर में मानसिक अस्वस्थता का इलाज चल रहा है। यह घटना कुरारा कस्बे के वार्ड नंबर 9 नई बस्ती की है। मौदहा थाना क्षेत्र का निवासी 24 वर्षीय नितेश कुमार उर्फ गोलू अपने ननिहाल झलोखर आया हुआ था। वह शाम के समय कुरारा पहुंचा और एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसने अपने मोबाइल फोन से परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। टॉवर पर चढ़े युवक का मोबाइल नंबर उपलब्ध होने पर स्थानीय युवक उमेश प्रजापति ने नितेश से फोन पर बात की। नितेश ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है और उसी से शादी कराने की जिद पर अड़ा है। उमेश ने उसे आश्वासन दिया कि यदि वह नीचे उतर आता है तो उसकी मांग पूरी की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। शाम करीब छह बजे शुरू हुआ यह रेस्क्यू अभियान रात लगभग एक बजे सफल हो सका। युवक को नीचे उतारने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। बाद में उसे उसकी नानी और मामा के सुपुर्द कर दिया गया। मौके पर मौजूद युवक की नानी लीलावती ने बताया कि नितेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज ग्वालियर में चल रहा है। उनके अनुसार, वह शाम करीब पांच बजे घर से निकला था और कुरारा पहुंचकर टॉवर पर चढ़ गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *