अबोहर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च:होटलों और पीजी की जांच, एसएसपी बोले- निगम चुनाव में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं

अबोहर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च:होटलों और पीजी की जांच, एसएसपी बोले- निगम चुनाव में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं

फाजिल्का जिले के अबोहर में नगर निगम चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से एसएसपी गगन अजीत सिंह ने शुक्रवार को अबोहर का दौरा किया। इस दौरान शहरी और लाइनपार क्षेत्र में पुलिस फ्लैग मार्च निकाला गया। एसएसपी ने चेतावनी दी कि चुनावी माहौल खराब करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। फ्लैग मार्च थाना नंबर-1 से शुरू होकर बस स्टैंड रोड, सब्जी मंडी, गौशाला रोड, आर्य नगरी और सीडफार्म सहित शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरा। इस मार्च में एसपी जसवंत सिंह, डीएसपी हरीश कुमार, विभिन्न थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। एसएसपी बोले- बिना डर के मतदान करें लोग एसएसपी गगन अजीत सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगम चुनावों में किसी भी गुंडा तत्व को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसएसपी ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डों में कड़ी निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी को रोकने में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी हुड़दंग या माहौल बिगाड़ने की घटना सामने आती है, तो संबंधित प्रत्याशी को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा। होटल और पीजी संचालकों को दिए निर्देश कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के मुख्य मार्गों पर लगातार नाकेबंदी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, होटलों और पीजी की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि चुनावों के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। होटल और पीजी संचालकों को अपने रजिस्टर अपडेट रखने और सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि नगर निगम चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई है। अधिकांश राजनीतिक दलों के प्रत्याशी इसी दिन अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान थाना प्रभारी मनिंदर सिंह, रविंद्र शर्मा, दविंद्र सिंह, जसविंदर सिंह और कुलदीप कुमार भी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *