डूंगरपुर की गलियाकोट पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दिवड़ा छोटा में ग्राम विकास रथ पहुंचा। इस दौरान एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीणों को 13 विभागों की योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी गई। सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। विधायक डेचा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ इसी उद्देश्य से 13 महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचा रहा है। डेचा ने दावा किया कि सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र की लगभग 80 प्रतिशत घोषणाएं मात्र ढाई वर्षों में पूरी कर ली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शेष कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। क्षेत्रीय विकास पर बात करते हुए विधायक ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन बजट प्रावधानों से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वागड़ क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकता है और सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गांव और ढाणी तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है।


