सहारनपुर में मंगलवार को भारतीय कश्यप सेना के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया कि रामपुर मनिहारान क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में एक लेखपाल और कानूनगो ने एक महिला के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। धरने का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक कश्यप ने किया। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को गांव मिर्जापुर में भूमि विवाद के दौरान हल्का लेखपाल बीर सैन सैनी और कानूनगो रामपाल ने उनकी माता दर्शन देवी समेत परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इस मामले की शिकायत एसडीएम, डीएम, एसएसपी, थाना बड़गांव और जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दीपक कश्यप ने दावा किया कि उनके पास घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों ने माफी नहीं मांगी तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा जनता के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव बागेराम कश्यप भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्यप समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने हाल ही के मोनू कश्यप प्रकरण का भी जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजित कश्यप ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 24 मई को एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं और प्रशासन इस पर मौन है। शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने से इनकार कर डीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।


