देवहा नदी में डूबने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत:खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचा, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

देवहा नदी में डूबने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत:खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचा, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्चे की देवहा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार, बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद (वार्ड नंबर-14) निवासी राहुल गंगवार अपने परिवार के साथ सितारगंज नवदिया गांव में रिश्तेदारी में गए थे। मंगलवार को उनका चार वर्षीय बेटा ऋषभ घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास की देवहा नदी के किनारे पहुंच गया और अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गया।
नदी किनारे मौजूद पालेज की खेती कर रहे किसानों ने बच्चे को पानी में देखा और तुरंत उसे बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन में ऋषभ को लेकर बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। मृतक के पिता राहुल गंगवार ने पुलिस को लिखित रूप में बताया कि यह एक आकस्मिक दुर्घटना है और उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *