बरेली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बारादरी थाना पुलिस ने 270 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस टीम रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली। बताया गया कि कुछ व्यक्ति पीलीभीत बाईपास रोड स्थित डोहरा चौराहे के पास अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 99 बीघा मैदान क्षेत्र में दबिश दी। वहां से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 270 ग्राम स्मैक बरामद हुई। हालांकि, उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बारादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियुक्त की पहचान कर्मपुर, मीरगंज, बरेली निवासी 22 वर्षीय विकास पुत्र शेर सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में विकास ने बताया कि वह स्मैक खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। इससे मिलने वाले पैसों का उपयोग वह अपने नशे और अन्य खर्चों के लिए करता था। उसने यह भी खुलासा किया कि वह और उसका फरार साथी, आरिफ नामक व्यक्ति के लिए मादक पदार्थ की सप्लाई का काम करते हैं। पुलिस फरार आरोपी और अन्य प्रकाश में आए व्यक्तियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार मिश्र, उमेश कुमार, राहुल कुमार तथा कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह एवं सिद्धांत चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


